गुरुवार, 6 अक्तूबर 2022

 

आन्नी एर्नो (Annie Ernaux)

 

पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ नोबेल पुरस्कार के बहाने आज हम फ्रांसीसी लेखिका आन्नी एह्नो या एर्नो (जन्म : 1940) के बारे में कुछ जानने का प्रयास करेंगे। आन्नी एह्नो फ्रांस की पहली महिला साहित्यकार हैं जिन्हें यह गौरव प्राप्त हुआ है। वे फ्रांसीसी भाषा में लिखने वाली भी प्रथम लेखिका हैं जिन्हें यह पुरस्कार मिला है। श्रीमती एह्नो ने प्रारंभ में एक शिक्षिका एवं तदुपरांत राष्ट्रीय दूरस्थ शिक्षा केंद्र में प्रोफ़ेसर के तौर पर कार्य किया है। इनका जन्म फ़्रांस के लिल्बोन्न में 1 सितंबर 1940 को हुआ था । उनका लालन-पोषण नोरमौंदी में और शिक्षा-दीक्षा रुओं और बोर्दो के विश्वविद्यालयों में हुई। इनके माता-पिता प्रारंभ में श्रमिक वर्ग से थे लेकिन बाद में वे व्यवसायी बन गए और उन्होंने अपनी कैफे-किराना की दुकान खोल ली। इनका विवाह सन 1968 में फ़िलिप एह्नो से हुआ जिससे इन्हें दो पुत्र – एरिक एवं दाविद – हुए। 17 वर्षों के शादी के बाद  सन 1985 में इनका तलाक हो गया एवं फ़िलिप से इनका संबंध विच्छेद हो गया।

इनकी पहली कृति ‘Les Armoires vides’ (ले जारम्वार विद) सन 1974 में प्रकाशित हुई जो इनके निजी अनुभवों पर आधारित आत्मकथात्मक उपन्यास था। इस उपन्यास में इन्होंने एक कॉलेज जाने वाली लड़की की कहानी बयाँ की है जो हाल ही में अपने ग़ैर-क़ानूनी एबॉर्शन के बुरे अनुभवों से जूझ रही है और साथ ही अपने बचपन के कटु अनुभवों को भी बड़ी तीक्ष्णता से उकेरती हैं। इन्हें इनके कार्य ‘La Place’ (ला प्लास) के लिए सन 1984 में रनोदो (Renaudot) पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके बाद इनके कई साहित्यिक कृतियाँ प्रकाशित हुई हैं और इनके उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान को देखते हुए इन्हें कई पुरस्कारों से अलंकृत किया गया है। सन 2008 में इन्हें तीन प्रमुख पुरस्कारों से सम्मानित किया गया – i) मार्गेरित द्युरा, ii) फ्रौंस्वा मोरियाक एवं iii) फ्रांसीसी भाषा का साहित्यिक पुरस्कार। 82 वर्ष की लेखिका आन्नी एह्नो अभी भी सक्रिय हैं और गल्प एवं आत्मकथा या जीवनी के बीच की दीवार को छोटा करने का कार्य बख़ूबी कर रही हैं।

अब हम फ्रांसीसी भाषा में लिखने वाले साहित्यकारों की सूची को देखते हैं, जिन्हें अभी तक नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है -

क्रम

नाम

वर्ष

हिंदी में नाम

टिप्पणी

1.

Sully Prudhomme (1839–1907)

1901

सुल्ली प्रुदोम

साहित्य के क्षेत्र में प्रथम नोबेल पुरस्कार

2.

Frédéric Mistral

1904

फ्रेदेरिक मिस्त्राल

मूल लेखन फ़्रांस की एक बोली ओक्सितन या प्रोवेंसल में है

3.

Maurice Maeterlinck (1862–1949)

1911

मौरिस मातेरलैंक

बेल्जियन नागरिकता

4.

Romain Rolland

(1866–1944)

1915

रोमैं रोलौं

 

5.

Anatole France

(1844–1924)

1921

अनातोल फ्रौंस

 

6.

Henri Bergson

(1859–1941)

1927

औंरी बेरगसों

 

7.

Roger Martin du Gard (1881–1958)

1937

रोजेर मार्तैं द्यु गार

 

8.

André Gide

(1869–1951)

1947

औंद्रे जीद

 

9.

François Mauriac (1885–1970)

1952

फ्रौंस्वा मोरिआक

 

10.

Albert Camus

(1913–1960)

1957

आल्बेर काम्यू

अल्जीरिया में जन्म

11.

Saint-John Perse

(1887–1975)

1960

सैं-जौं पेर्स

ग्वादलूप में जन्म

12.

Jean-Paul Sartre  

(1905–1980)

1964

जौं पॉल सार्त्र

पुरस्कार को अस्वीकार कर दिया

13.

Samuel Beckett

1969

सामुएल बैकेट

आयरिस मूल के लेखक जिन्होंने फ्रांसीसी एवं अंग्रेजी में लेखन कार्य किया

14.

Claude Simon

(1913–2005)

1985

क्लोद सिमों

फ्रांसीसी मादागास्कार में जन्म

15.

J. M. G. Le Clézio

(b. 1940)

2008

ज़ी. एम. ज़ी. ल क्लेजिओ

फ्रांस एवं मॉरिशस दोनों के नागरिक

16.

Patrick Modiano

(b. 1945)

2014

पात्रिक मोदियानो

 

17.

Annie Ernaux

 (b. 1940)

2022

आन्नी एह्नो या एर्नो

प्रथम फ्रांसीसी महिला लेखक जिन्हें नोबेल पुरस्कार प्राप्त हुआ है

फ्रांसीसी भाषा सदा ही साहित्य एवं कला को लेकर गंभीर चिंतनरत रही है। वैसे तो भाषाओं की दृष्टि से नोबेल पुरस्कार को देखा जाए तो अंग्रेजी भाषा में लिखने वाले साहित्यकारों को सबसे ज्यादा 30 या 31 बार यह पुरस्कार प्राप्त हुआ है, लेकिन यहाँ भी फ्रांसीसी भाषा दूसरे स्थान पर है और फ्रांसीसी भाषा में लिखने-पढ़ने वाले साहित्यकारों को यह पुरस्कार 17 बार मिल चुका है। साहित्य का प्रथम नोबेल पुरस्कार भी फ्रांसीसी भाषा के साहित्यकार सुल्ली प्रुदोम को मिला था।

यदि हम राष्ट्रीयता की दृष्टि से देखें तो हमें नोबेल सम्मान से पुरस्कृत सबसे अधिक साहित्यकारों की संख्या फ्रांस से देखने को मिलती है । इसके बाद संयुक्त राज्य अमेरिका और ब्रिटेन हैं ।

 

क्रम

देश या राष्ट्र

विजेता की संख्या

1.

फ्रांस (France)

16

2.

संयुक्त राज्य अमेरिका (USA)

13

3.

ब्रिटेन (UK)

13